चंडीगढ़। जिला अदालत ने छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा सुनाई है। अदालत ने 30 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। 67 वर्षीय बुजुर्ग छकोरी बच्ची के पड़ोस में रहता था। करीब तीन साल पहले उसने घटना को अंजाम दिया था। अदालत ने फैसला सुनाते हुए कहा, दोषी रहम के काबिल नहीं है।
इस मामले में पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर केस दर्ज किया था। उसने अपनी शिकायत में कहा था कि वह अपने पति और तीन बेटियों के साथ रहती है। 9 मई 2019 को उसकी 6 साल की बेटी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला छकोरी उसे ऑटो में बिठाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद बच्ची की मां ने अपने पति को बताया। पति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था।