चंडीगढ़। चंडीगढ़ और पंजाब के विभिन्न जिलों के लोगों को यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विज्ञापन के जरिए झांसा देकर दुबई और सिंगापुर भेजने के नाम पर 12 लोगों से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में सेक्टर 34ए के स्पार्क्स ओवरसीज के मालिकों के खिलाफ सेक्टर-34 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। सेक्टर-49सी के रहने वाले किशन सिंह व अन्य लोगों ने अपनी शिकायत में कहा है कि स्पार्क्स ओवरसीज ने दुबई और सिंगापुर का वीजा लगवाने के नाम पर सितंबर 2021 में 22.80 लाख रुपये की ठगी की। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर स्पार्क्स ओवरसीज का एक विज्ञापन देखकर उनके झांसे में आ गए और आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक जानकारी, शैक्षणिक दस्तावेज, पासपोर्ट आदि दे दिए। उनका सेक्टर 33डी की एक मेडिकल लैब में 3500 रुपये लेकर मेडिकल भी करवाया गया। स्पार्क्स ओवरसीज में कर्मचारी तनवीर कौर और गुरनौर कौर ने 10 से 15 दिनों में वीजा दिलवाने का वादा दिया। शिकायतकर्ता और अन्य दी गई तारीखों पर 1 से 10 सितंबर के बीच दफ्तर में गए। सिंगापुर के लिए इच्छुक लोगों से 1.20 लाख रुपये लिए और दुबई के लिए आवेदन करने वालों से 45 हजार रुपये लिए गए थे। इसके बाद वेबसाइट के एक लिंक पर वीजा दिखाया गया। वीजा की पीडीएफ फाइल देकर रकम ले ली गई। इसके बाद 11 सितंबर को दफ्तर में कोई नहीं मिला और सभी के नंबर भी बंद आ रहे थे।