खरड़। कनाडा का वीजा लगवाने के नाम पर एक महिला से 20 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों की पहचान दिलबाग सिंह उर्फ सुमित सिंह, हरप्रीत सिंह उर्फ दविंदर सिंह और राजवीर सिंह के रूप में हुई है। सिटी खरड़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दिलबाग सिंह उर्फ सुमित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत से एक दिन का रिमांड मिला है।
शिकायतकर्ता जलविंदर कौर वासी गांव फतेहगढ़ छन्ना जिला बरनाला ने पुलिस को बताया कि उसने सोशल मीडिया पर कनाडा वीजा का विज्ञापन देखा। इसके बाद उसका संपर्क आरोपी राजवीर सिंह के साथ हुआ। उसने उसे वीजा का कुल खर्च 18 लाख रुपये बताया और उसे किश्तों में रुपये देने की बात कही। उन्होंने मिलकर अलग-अलग तारीखों पर उससे कुल 20 लाख रुपये ले लिए। इस तरह आरोपियों ने उसके साथ एक साजिश के तहत विदेश भेजने के नाम पर ठगी की। वहीं, 14 सितंबर को आरोपी दिलबाग सिंह उर्फ सुमित सिंह ने पीड़ित से टिकट के तीन लाख 15 हजार रुपये और मांगे। इसके बाद जब वह उसके घर रुपये लेने आया तो पुलिस टीम की मदद से आरोपी को पकड़ा गया।