चंडीगढ़। सेक्टर-8 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में फर्जी दस्तावेज जमा कर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फार्च्यूनर गाड़ी खरीदने के नाम पर लोन लिया गया था। बैंक के असिस्टेंट मैनेजर मोहिंदर सिंह लांबा के शिकायत पर सेक्टर-19 थाना पुलिस ने जीरकपुर निवासी जितेंद्र पाल सिंह के खिलाफ आईपीसी 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-8 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) असिस्टेंट मैनेजर मोहिंदर सिंह लांबा ने बताया कि फार्च्यूनर गाड़ी खरीदने के नाम पर जीरकपुर निवासी जितेंद्र पाल सिंह उनके बैंक से 20 लाख रुपये का लोन लिया था। बाद में पता चला कि कागजात फर्जी हैं। शिकायत के आधार पर सेक्टर-19 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया।