साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। रिचार्ज करने के नाम पर व्यक्ति का फोन हैककर 1.76 लाख रुपये खाते से निकाल लिए। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता रमेश कुमार निवासी पंजाब कॉलोनी, गांव मालटिकरी थाना मुबारकपुर जिला एसएएस नगर ने बताया कि 8 फरवरी को निजी काम से वह रामगढ़ मार्केट आए थे। टाटा स्काई का रिचार्ज करने के लिए गूगल से टोल फ्री नंबर सर्च किया। टोल फ्री नंबर पर फोन से कॉल की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद मोबाइल से साइबर ठग ने रमेश कुमार को फोन किया और टाटा स्काई से बात करने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने रमेश कुमार के व्हाट्सएप लिंक मोबाइल पर भेजा। जैसे ही रमेश कुमार ने लिंक पर क्लिक किया। उनके फोन पर एप डाउनलोड हो गया। फिर पेटीएम से दस रुपये का अपने मोबाइल नंबर से रिचार्ज किया। इसके बाद रमेश कुमार का फोन हैक हो गया। फोन हैक होने के बाद दो खातों से 1.76 लाख निकाल लिए। इसके बाद साइबर ठगों ने फोन काट दिया। इसके बाद रमेश कुमार ने कई बार साइबर ठग के नंबर पर फोन किया लेकिन फोन नहीं उठाया। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।