चंडीगढ़। सेक्टर-8 के बाजार में बीते बुधवार की देर रात बंद रास्ते पर लगी चार फुट की ग्रिल पार कर दूसरी साइड जा रहे 17 साल के किशोर को वहां लगे ट्रांसफार्मर के खंभे से करंट लग गया। करंट इतना जोरदार था कि युवक का चेहरा झुलस गया। राहगीरों की मदद से किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। मृतक की पहचान मयंक निवासी सेक्टर-7सी के रूप में हुई। मयंक के पिता मंगल सिंह चंडीगढ़ ईडी यूनिट में डिप्टी डायरेक्टर हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात को करीब साढ़े 8 बजे जिम के बाद मयंक अपने घर आ रहा था। जब सेक्टर-8 के बाजार में पहुंचा तो वह बंद रास्ते से ग्रिल को पार कर रहा था। यह ग्रिल करीब 4 फुट ऊंची थी। ग्रिल पर चढ़ने के बाद वह अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर के खंभे से टकरा गया। खंभे से टकराते ही लटकती तारों से करंट लग गया। यह देखकर आसपास के दुकानदारों ने करंट के कारण खंभे से चिपके किशोर को देखकर डंडे की मदद से अलग किया और सेक्टर-16 अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस मामले में यूटी प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग से एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद मामले की जांच करवाई है। विभाग के स्तर पर कोई लापरवाही नहीं मिली है। यह रास्ता भी बंद था और युवक ग्रिल पार कर दूसरी साइड आ रहा था, जिस कारण उसे करंट लगा है। बिजली की कोई तार नीचे नहीं लटकी थी।