चंडीगढ़। ट्राइसिटी में शुक्रवार को कोरोना के 168 नए मरीज मिले, जबकि चंडीगढ़ के एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। सबसे ज्यादा पंचकूला में 81, मोहाली में 51 और चंडीगढ़ में 36 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सेक्टर-42 के रहने वाले व्यक्ति की मोहाली के एक निजी अस्पताल मेें मौत हुई। वह कैंसर, हृदय और किडनी रोग से पीड़ित था। हालांकि कोरोना की बूस्टर डोज समेत सभी टीके लगे थे। शहर में सक्रिय मरीजों की संख्या 174 हो गई है। वहीं, संक्रमण दर 5.62 प्रतिशत पर पहुंच गई है। पिछले सात दिनों में औसतन रोजाना 25 केस आ रहे हैं। विभाग ने 24 घंटे में 641 लोगों की जांच की। इनमें 13 पुरुष व 23 महिलाओं में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सात दिन की अवधि पूरी करने पर 21 मरीजों को छुट्टी दे दी गई।