संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। सिविल सर्जन लुधियाना डॉ. रमनदीप कौर के निर्देश में फूड सेफ्टी टीम लुधियाना ने शुक्रवार को शहर के एक कोल्ड स्टोरेज में निरीक्षण अभियान चलाया। यहां काफी मात्रा में मिठाइयां स्टोर की गई थीं। यह कार्रवाई त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए की गई।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि खोया और गुलाब जामुन मानव उपभोग के लिए खराब स्थिति में रखे गए थे। टीम ने 160 किलोग्राम मिठाइयां मौके पर ही नष्ट कर दी। यह प्रक्रिया विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में की गई। इसके अलावा, रसगुल्ला का एक सैंपल लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान विभाग की निरीक्षण मुहिम लगातार जारी रहेगी।