मानवाधिकार दिवस पर बच्चों को किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। विश्व मानवाधिकार दिवस पर हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद मानद महासचिव कृष्ण ढुल और एसडीएम पंकज सेतिया ने ओपन शेल्टर होम में बच्चों को खाने का सामान वितरित किया। इस दौरान मानद महासचिव कृष्ण ढुल और एसडीएम पंकज सेतिया ने बच्चों से अपने जीवन के अनुभव साझा किए व मानवाधिकार से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कृष्ण ढुल ने कहा कि आज के दिन को उन सभी लोगों की स्मृति के रूप में मनाया जाता है जो किसी इंसान के अधिकारों के लिए खड़े होते हैं। मानवाधिकार से तात्पर्य उन अधिकारों से है, जिसका हर इंसान मालिक है। हम सभी को वोट देने का अधिकार, भाषण का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, कमाने का अधिकार और कई दूसरे अधिकार मिले हुए हैं। कई बहस और मुद्दों के बाद इन अधिकारों को मनुष्यों को आवंटित किया गया है। यह हमारी जिम्मेदारी है और हमारे लिए बनाए गए प्रत्येक अधिकार का लाभ लेने का हमें अधिकार है। कृष्ण ढुल ने कहा कि विकलांग व्यक्तियों, ंअनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति आदि जैसे मनुष्यों के विशेष वर्गों के लिए कई मानवाधिकारों की विशेष रूप से घोषणा की गई है। हम सभी को इन लोगों को अपने अधिकारों का साक्षी करने के लिए समर्थन करना चाहिए ताकि वे उनसे लाभ उठा सकें। इस अवसर पर अडॉप्शन अधिकारी पूनम सूद उपस्थित रहे।