400 साधुओं को नपुंसक बनाने के मामले में हुई सुनवाई
- सभी आरोपी पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में हुए पेश
- हाईकोर्ट की ओर से लिखित में आर्डर ना आने के चलते आज सुनवाई में कोई खास कार्रवाई नहीं हुई
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। गुरमीत राम रहीम के डेरे में बने अस्पताल में 400 साधुओं को नपुंसक बनाने के मामले में शुक्रवार को जज कपिल राठी की सीबीआई अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई में गुरमीत राम रहीम वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश हुआ। वही बाकी आरोपी (पंकज और एमपी सिंह) प्रत्यक्ष रूप से कोर्ट में पेश हुए। बचाव पक्ष की ओर से हाईकोर्ट में लगाई गई एक याचिका पर फैसला आना था लेकिन हाईकोर्ट से फैसला लिखित में ना आने के चलते सुनवाई में आज कोई करवाई नहीं हुई। अब मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी।
जानकारी के मुताबिक बचाव पक्ष ने हाईकोर्ट में एक याचिका लगाई थी जिसमें बचाव पक्ष ने मांग की थी कि उन्हें गवाहों के बयानों की कॉपी दी जाए, जिस पर हाईकोर्ट ने मौखिक रूप से कहा था कि बचाव पक्ष गवाहों के बयानों को पढ़ सकता है लेकिन उन्हें कोई कॉपी नहीं दी जाएगी। मामले में गवाह गुरदास सिंह तूर ने बताया कि बचाव पक्ष की ओर से लगाई गई याचिका का जवाब हाईकोर्ट ने लिखित में नहीं दिया और लिखित में आर्डर ना आने के चलते आज सुनवाई में कोई खास कार्रवाई नहीं हुई। बता दें कि कोर्ट की ओर से आरोपी गुरमीत राम रहीम, पंकज सिंह, एमपी सिंह पर धारा 326, 417, 506, 120 आईपीसी के तहत आरोप तय हो चुके हैं। साथ ही तय आरोपों की कॉपी भी आरोपियों को दी जा चुकी है। अब तीनों आरोपियों पर धारा 326, 417, 506, 120 आईपीसी के तहत मामला कोर्ट में चल रहा है।