रिश्वत मांगने के तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
सीबीआई की विशेष अदालत में किया गया था पेश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। रिश्वत मांगने के मामले में चंडीगढ़ सीबीआई ने हिसार से सेंट्रल एक्साइज डिपार्टमेंट के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था। उन्हें शनिवार को पंचकूला स्थित हरियाणा की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। अदालत ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। तीनों आरोपी सेंट्रल एक्साइज डिपार्टमेंट में कार्यरत हैं, जिनका हेड ऑफिस सिरसा में है। पकड़े गए आरोपियों में सुपरिटेंडेंट के पद पर तैनात गणपत सिंह चौहान, पृथ्वीराज मीना और तीसरा आरोपी पुरषोतम इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। सीबीआई इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले में शिकायतकर्ता महावीर सिंह गोदारा है, जोकि डायरेक्ट टच कंपनी का मालिक है। कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता महावीर सिंह गोदारा, टैक्स पे करना चाहता था, जबकि शिकायतकर्ता की फाइल बंद करने के एवज में तीनों आरोपियों ने 1 लाख 50 हजार रुपये की मांग की थी, जिसके बाद 70 हजार रुपये में इनका सेटलमेंट हुआ था और तीनों आरोपियों ने रिश्वत के पैसे लेने के लिए पीड़ित को ऑफिस से बाहर बुलाया था। जहां उनकी टीम ने रेड कर रंगे हाथ तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसके बाद आरोपियों पर सेक्शन-7 ऑफ पिसी एक्ट, 120बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया था। सीबीआई इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि आज तीनों आरोपियों को सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।