अवैध खनन मामले में दो आरोपी एक दिन के रिमांड पर
जिला अदालत ने तीसरे आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा, आसरेवाली में की थी कार्रवाई
अवैध खनन के मामले में पुलिस ने जब्त किए थे दो टिप्पर और एक जेसीबी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। गांव आसरेवाली में अवैध खनन मामले में जिला अदालत ने आरोपी खान मोहम्मद निवासी रहैना सुल्तानपुर थाना रायपुररानी और सरदारा सिंह निवासी गांव बुग्गा को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की ओर से माइनिंग में इस्तेमाल वाहनों के साक्ष्य जुटाने के लिए इनका रिमांड मांगा गया था। पुलिस की ओर से दोनों से लगातार पूछताछ जारी है। वहीं, तीसरे पकड़े गए आरोपी कृष्ण कुमार निवासी गांव बिल्ला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस को गुप्त सूचना रविवार को मिली थी कि गांव आसरेवाली के पास अवैध खनन हो रहा है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके पर रेड की। इस दौरान पुलिस ने दो टिप्पर और एक जेसीबी जब्त की है। पुलिस को जब इसकी जानकारी हुई तो चंडी मंदिर थाने की पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया था। थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना पर छापेमारी की गई थी। पांच लोग माइनिंग करने के लिए गांव आसरेवाली आए थे। दिन में दोपहर 12 बजे यह जानकारी हमें मिली थी। छापेमारी कर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। बाकी दो लोगों की तलाश पुलिस की ओर से की जा रही है। माइनिंग के मामले में पहले भी खनन विभाग और पंचकूला पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई थी।