200 मीटर दौड़ में ज्योति, 400 मीटर में ममता ने मारी बाजी
वुमेन कॉलेज सेक्टर-14 में स्पोर्ट्स मीट, अर्जुन अवार्ड विजेता नीरज चोपड़ा ने बांटे पुरस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। राजकीय कन्या विश्वविद्यालय सेक्टर-14 में वीरवार को दो दिवसीय 12वें एनुअल एथलेटिक्स मीट का आयोजन किया गया। इसमें अर्जुन अवार्ड हासिल करने वाले खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। एथलेटिक्स मीट में रिले रेस, 200 मीटर व 400 मीटर की दौड़, शॉट पुट, लंबी कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस मौके पर नीरज चोपड़ा ने विजेता छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि फिट रहने के लिए खेलों में भाग लेना जरूरी है। खेल प्रतियोगिताएं न केवल शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि व्यक्ति को मानसिक रूप से भी स्वस्थ बनाती है। इसलिए हम सभी को ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि उन्हें पढ़ाई के दौरान अपनी प्रतिभा दिखाने के ऐसे मौके मिल रहे हैं, जिससे उनके भविष्य के द्वार खुल जाते हैं। रिले रेस, चार गुना सौ मीटर में पहला स्थान पूजा ने, दूसरा स्थान अर्चना ने, तीसरा स्थान प्रतिभा ने हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान ज्योति ने, दूसरा स्थान पूजा ने, तीसरा स्थान प्रीति ने हासिल किया। वहीं, 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान ममता, दूसरा स्थान कोमल, तीसरा स्थान ज्योति ने कब्जाया। इसके अलावा शॉट पुट में प्रीति ने प्रथम व लांग जंप में किरण ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।