बसों का संचालन बंद होने से दूसरे दिन भी मुसाफिर रहे परेशान
- बस पास नहीं हुआ मान्य, प्राइवेट बसों का किया घंटों इंतजार
- कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर बसों के संचालन में आई परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर बुधवार को भी बसों का संचालन बंद रहा। इस कारण यात्रियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा। पंचकूला बस स्टैंड से लॉग रूट की 56 और लोकल रूट की 32 बसों का संचालन बंद होने के बाद काफी परेशानी हुई। कांट्रैक्ट कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर बस का संचालन बंद रहा। कर्मचारियों ने मांग करते हुए कहा कि सरकार प्राइवेट बसें नहीं चलाए। वह रेगुलर कर्मचारी भर्ती कर अपनी बसें चलवाए। अगर यह मांग नहीं मानी गई तो आने वाले दिनों में फिर धरना प्रदर्शन होगा। बस स्टैंड पर आने वाले यात्री काउंटर पर पूछताछ करने के बाद वापस चले गए। उन्हें यहां से बसें नहीं मिली। 700 रूटों पर निजी बसें नहीं चलाए जाने को लेकर कांट्रैक्ट कर्मचारियों की ओर से धरना दिया गया है। चक्का जाम के दौरान बस का पास प्राइवेट बसों में मान्य नहीं हुआ। इस कारण स्टूडेंट्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। बरवाला, रायपुररानी, मोरनी और पिंजौर से आने वाले यात्रियों को बस स्टैंड से एक घंटे बाद बसें मिल रही थी। इस कारण यात्री परेशान थे। बरवाला के आए सुधीर कुमार ने बताया कि वह रोजाना बरवाला से बस से आते हैं। आज बसों का संचालन नहीं होने के कारण उन्हें अधिक किराया देना पड़ेगा। पंचकूला बस स्टैंड हरियाणा रोडवेज के जीएम डॉ. भवर सिंह ने कहा कि बसों का संचालन रेगुलर स्टाफ की ओर से वीरवार से किया जाएगा। अगर कांट्रैक्ट कर्मचारी नहीं मानेंगे तो उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।