पहले दिन पांच लेकचरर बैठे आमरण अनशन पर
एक्सटेंशन लेक्चरर का आमरण अनशन जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। ऑल हरियाणा एक्सटेंशन लेक्चरर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदर्शन ने आमरण अनशन का रूप ले लिया है। जिसका मुख्य कारण है सेक्टर-पांच स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव। जो सोमवार को एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की ओर किया गया। जिसे चंडीगढ़ पुलिस प्रशासन ने हाउसिंग बोर्ड चौक पर रोक लिया व मीटिंग का आश्वासन देकर उन्हें मुख्यमंत्री आवास पर ले गई। जहां से उन्हें कोई आश्वासन नहीं मिला और उन्हें मंगलवार सुबह 11 बजे से आमरण अनशन पर बैठना पड़ा। मंगलवार को एक्सटेंशन लेक्चरर्स प्रधान ईश्वर सिंह रेवाडी, पंचकूला संयुक्त सचिव सरोज दहिया, गुरुग्राम से कल्याण सिंह, महेंद्रगढ़ के वेद प्रकाश व सिरसा से राजेन्द्र सिंह अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर रहे। एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता कल्याण सिंह भारत का कहना है कि जब तक प्रदेश सरकार नियमित कर्मचारियों की तरह एक्सटेंशन लेक्चरर को सुप्रीम कोर्ट स्टेट ऑफ पंजाब बनाम जगजीत सिंह के मुकदमे के निर्णयानुसार 7वें वेतन आयोग के अनुसार समान कार्य के लिए समान वेतन नहीं देती। जो कि 57,700 रुपये हैं। तब तक एक्सटेंशन लेक्चरर आमरण अनशन पर बैठे रहेंगे । प्रधान ईश्वर सिंह का कहना है कि यदि प्रदेश सरकार ने जल्दी ही हमारी मांगों को स्वीकृती नहीं दी तो अगले सप्ताह पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में एक्सटेंशन लेक्चरर अपने परिवार सहित पंचकूला पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।