रेनबो लेडीज क्लब में महिलाओं को फ्री सर्विसेज
कम समय में खुद को तैयार करने के लिए सेमिनार कर महिलाओं को दिए टिप्स, 26 को होगा कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यरो
पंचकूला। रेनबो लेडीज क्लब की ओर से बुधवार को पंचकूला सेक्टर-5 एम डीसी में हेयर स्टाइल एवं मेकअप सेमिनार का आयोजन किया। इसमें 50 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। सेमिनार में मेकअप और हेयर स्टाइल के बारे में महिलाओं ने जानकारी हासिल की। युवा एक्सपर्ट पूजा चौहान ने महिलाओं को कम समय में जुड़ा एवं मेकअप करने के तरीके सिखाए। क्लब की प्रधान पूनम सहगल और आयोजक ज्योति सहगल ने बताया की इस सेमिनार में महिलाओं को व्यस्त शेड्यूल के दौरान पार्लर न जा पाने और घर में ही कम समय में खुद को तैयार करके अपनी लुक चेंज करने के बारे में बताया गया। यह सेमिनार करवाचौथ से पहले लगाया गया है, ताकि इस बार महिलाएं करवाचौथ पर पार्लर में अधिक पैसा न खर्च कर घर पर ही खुद को तैयार कर सके। इस अवसर पर महिलाओं के लिए साड़ी थीम रखा गया और सभी महिलाएं विभिन्न रंगों की साड़ियों में नजर आईं। सेमिनार में मौजूद सभी महिलाओं ने मेकअप से संबंधित प्रश्न विशेषज्ञों से पूछे और इस मौके पर उन्होंने बेहतरीन टिप्स भी हासिल किए। इसके अलावा महिलाओं ने लिए गेम्स एवं क्विज का आयोजन हुआ, जिसमें विजेता रही महिलाओं को सम्मानित किया गया। पूनम सहगल ने बताया की वह करवाचौथ के अवसर पर 26 अक्टूबर को क्लब की महिलाओं के लिए एक कार्यक्रम रख रही हैं, जिसमें महिलाओं को फ्री मेहंदी, फ्री नेल आर्ट, फ्री टेरो कार्ड रीडिंग, फ्री डाइटिशन टिप्स और बहुत सी सर्विसेज फ्री में दी जाएंगी। इसके साथ ही उस दिन शहर की नामी हस्तियों को यहां विशेष अतिथि के तौर पर बुलाया जाएगा। उनका कहना है कि इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। महिलाओं में भी इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह है।