नोएडा और रोहतक के ध्यानार्थ
सीबीआई कोर्ट में पत्रकार छत्रपति मामले में हुई सुनवाई
- सीबीआई के जांच अधिकारी के हुए बयान दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर चल रहे पत्रकार छत्रपति और रंजीत हत्या मामले में पंचकूला स्थित हरियाणा की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान साध्वी यौन शोषण मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। वहीं अन्य आरोपी प्रत्यक्ष रूप से कोर्ट में पेश हुए। इस मामले में सीबीआई के पूर्व डीआईजी व जांच अधिकारी एमके नारायणन की गवाही हुई, जो कि आज भी जारी रहेगी। उल्लेखनीय है कि गुरमीत राम रहीम पर सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या का आरोप है। छत्रपति ने अपने अखबार ‘पूरा सच’ में अकसर डेरा में हो रहे कथित अन्याय और अत्याचार के बारे में लिखा था। ‘पूरा सच’ अखबार ने ही साध्वी का वह खत छापा था जिसमें सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में महिलाओं के यौन उत्पीड़न की बात लिखी गई थी। उन्हें अक्तूबर, 2002 में गोली मार दी गई थी। इस मामले में गुरमीत राम रहीम को मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सीबीआई ने नामजद किया है।