दुकान की छत पर चढ़ा सांड़
- कड़ी मशक्कत के बाद एक मकान की सीढ़ियों से नीचे उतारा
- रायपुररानी में लावारिस पशुओं से लोग परेशान
राज अग्रवाल
रायपुररानी। कस्बे की मेन मार्केट में किला के नजदीक स्थित एक दुकान के ऊपर सांड़ चढ़ गया। मार्केट में सैकड़ों की संख्या में एकत्रित लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड़ को एक अन्य मकान की सीढ़ी से नीचे उतारा तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उक्त सांड़ नजदीक स्थित एक दुकान की सीढ़ियों से ऊपर चढ़ा है। क्षेत्रवासी हेम सिंह चौहान, मानकटबरा के पूर्व सरपंच सुनील वालिया, भगत सिंह नंबरदार खेड़ी, जगदीश चंद हकीम, सोनू वजीर, गौरव वर्मा, संत शर्मा आदि ने बताया कि कस्बे की हर गली-चौराहे व मुख्य रोड पर लावारिस सांड़ के झुंड से आए दिन वाहन चालक भी चोटिल होते हैं जिस वजह से स्थानीय प्रशासन को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन महज आश्वासन के आज तक कुछ नहीं किया गया। लोगों ने बताया रायपुररानी चंडीगढ़ मेन रोड पर गांव गढी कोटाहा से बडौना तक पूरी सड़क पर लावारिस पशु झुंड में बैठे रहते हैं जो कि एक्सीडेंट का मुख्य कारण बनते हैं। वहीं लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का समाधान कराने की मांग की है।