रविकांत ने थाईलैंड में जीता हैवी वेट मुकाबला
- प्रतियोगिता के बाद पेशेवर हैवीवेट मुक्केबाजी में भारत में तीसरे रैंक के खिलाड़ी बने रविकांत
- सेक्टर-1 गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में खुशी माहौल, कॉलेज प्रिंसिपल ने दी दोनों स्टूडेंट्स को बधाई
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। गवर्नमेंट पीजी कॉलेज सेक्टर-एक के शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र रविकांत और मनीष समधियान ने विभिन्न खेलकूद स्पर्धाओं में सफलता का झंडा गाड़कर कॉलेज सहित पूरे हरियाणा का मान बढ़ाया है। बीपीएड के स्टूडेंट रविकांत ने थाइलैंड में आयोजित हैवी वेट मुकाबले के प्रो फाइट में ‘ बॉक्सिंग के लीजेंड मैनी पैक्वाइओ’ नाम के बाक्सिंग गलव्स हासिल किए। वहीं, बीपीएड के स्टूडेंट मनीष समधियान ने भी चीन में आयोजित रोइंग चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया। कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. अर्चना मिश्रा ने दोनों विद्यार्थियों और उनके परिवारों को बधाई दी। शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रो. सुरूपिंदर कौर ने बताया कि इस प्रतियोगिता को जीतने के बाद रविकांत ने पेशेवर हैवीवेट मुक्केबाजी में भारत में तीसरा रैंक हासिल किया है। वहीं, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में शारीरिक शिक्षा विभाग ने रस्साकस्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के 70 छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के आयोजन में प्रो. राम मेहर, डेजी रानी, प्रो. नरेंद्र सिवाच और परवीन ढांढा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।