गरीब परिवार ने जिला प्रशासन से लगाई आर्थिक तौर पर मदद की गुहार
मोरनी। लगातार हो रही भारी बारिश मांधना गांव के ठाठर बास में रहने वाले गरीब परिवार के लिए आफत बनकर आई। भारी बारिश के कारण पहाड़ का मलबा पशुबाडे़ की दीवार को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। जिस वजह से बाडे़ में बंधी छह बकरियों की दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई। जबकि हादसे में कई अन्य बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़ित सुगन चंद ने बताया कि रविवार रात हुई भारी बारिश में पशुबाडे़ के साथ लगते पहाड़ का मलबा खिसकने से दीवार गिरी है। उन्होंने बताया कि उसके लिए इस नुकसान से उभर पाना असंभव बात है। उन्होंने सीएम व जिला उपायुक्त से बकरियों का मुआवजा देने व मकान को दुरुस्त करवाने के लिए आर्थिक तौर पर मदद की गुहार लगाई है।