एचएसएससी घोटाले में गिरफ्तार सुपरिंटेंडेंट को मिली जमानत
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। पैसे लेकर हरियाणा स्टाफ सलेक्शन कमीशन (एचएसएससी) के जरिये नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोपी सीक्रेट ब्रांच के सुपरिंटेंडेंट सुभाष शर्मा को जमानत मिल गई। गोपनीय शाखा में तैनात आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। एचएसएससी के जरिये क्लर्क, ड्राइवर, एमपीएचडब्ल्यू सहित अन्य पदों पर नियुक्तियों के लिए रुपये लिए जाते थे। इनमें से कुछ कर्मचारी एचएसएससी में ही कार्यरत थे, जबकि दूसरे विभागों के कर्मियों के साथ मिलकर पूरे प्रदेश भर में उम्मीदवारों को फंसाकर उनसे रुपये ऐंठे जाते थे। इस मामले में सीएम फ्लाइंग स्क्वॉयड की तरफ से की गई कार्रवाई के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी। इस मामले के नौ में से सात आरोपियों को अब तक जमानत मिल चुकी है। दो आरोपियों की जमानत पर सुनवाई 14 अगस्त को होगी।