समस्या का नहीं निकला हल तो 21 को करेंगे विस का घेराव
- एन्हांसमेंट के मुद्दे को लेकर लामबंद हुए रेजीडेंट्स
- एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से विधायक ने की मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। एन्हांसमेंट के मुद्दे पर सेक्टर-20 रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की अहम बैठक हुई। केके जिंदल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सोसाइटियों के प्रधान व महासचिव भी शामिल हुए। इस दौरान सदस्यों ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) पर 2002 से एन्हांसमेंट के नाम वसूली करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे लोगों पर लगातार आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ता जा रहा है। सभी सदस्यों ने इसकी घोर निंदा की। इस मुद्दे पर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने विधायक से मुलाकात के बाद कहा कि अगर उनकी मांगों पर जल्द गौर करते हुए समाधान नहीं किया गया तो 21 अगस्त को विधानसभा का घेराव करेंगे।
बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि कांट्रेक्ट और हुडा एक्ट के तहत अलॉटेड प्लॉट ही एन्हांसमेंट देंगे। पहले भी जस्टिस बाहरी इसकी पुष्टि कर चुके हैं। बावजूद इसके एचएसवीपी की मनमानी और सरकार की ओर से की जा रही अनदेखी के कारण रेजीडेंट्स की परेशानियां बढ़ती जा रही है। एचएसवीपी के अन्याय के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जिलों के 18 एसोसिएशन के प्रतिनिधि 21 अगस्त को विधानसभा का घेराव करेंगे। इसमें पंचकूला के सभी सेक्टरों के रेजीडेंट्स भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
विधायक ने एक हफ्ते का दिया वक्त
एसोसिएशन के सदस्यों ने इसी मुद्दे को लेकर पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत करवाया। विधायक ने प्रतिनिधियों को भरोसा दिया कि एक हफ्ते के अंदर मुख्यमंत्री या संबंधित अधिकारी से मीटिंग में इस मसले पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि अगर सरकार समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया तो पूरे हरियाणा में आंदोलन तेज करते हुए 21 अगस्त को विधानसभा का घेराव करेंगे। बैठक में महासचिव केके जेटली, सहायक महासचिव अविनाश मलिक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीबी शर्मा सहित करीब 150 प्रतिनिधि शामिल हुए।