कार के ब्रेक फेल, हादसा टला
- कार में अंबाला निवासी दो सगे भाई थे सवार
- पहाड़ से टकराकर कार को रोका, खाई में गिरने से बचे
अमर उजाला ब्यूरो
मोरनी। मोरनी से टिक्कर ताल सड़क पर खरोग गांव के पास शुक्रवार एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मोरनी से टिक्करताल की ओर जा रही ब्रेक फेल होने से एक कार खाई में गिरने से बच गई। गनीमत रही कि हादसे में कार में सवार दोनों युवकों को मामूली खरोचें ही आई। मिली जानकारी के अनुसार कार को अंबाला के निवासी गौरव चला रहे था और जिसके साथ उसका भाई राहुल बैठा हुआ था। जैसे ही उनकी कार खरोग गांव के पास ढलान पर खतरनाक मोड़ पर पहुंची तो उनकी कार के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। इस दौरान उन्होंने चतुराई दिखाते हुए कार को पहाड़ के साथ टकराकर रोकना चाहा लेकिन उनकी कार सड़क पर ही पलट गई और खाई में जाने से भी बच गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी सतीश कुमार व करनैल सिंह ने पुलिस पीसीआर के माध्यम से उन्हें प्राथमिक उपचार दिलवाया जहां से उन्हें घर भेज दिया गया।