कालका-शिमला रेल लाइन के नजदीक चट्टान का पत्थर गिरा
- करीब 40 मिनट तक सनवारा स्टेशन पर रुकी रही टाय ट्रेन
- पत्थर तोड़कर ट्रेन को कालका के लिए किया रवाना
अमर उजाला ब्यूरो।
कालका। सोमवार को कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर सनवारा स्टेशन से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर चट्टान का एक पत्थर टूटकर ट्रैक के नजदीक गिर गया। जिस वजह से शिमला से कालका आ रही डाउन मिक्स टॉय ट्रेन को सनवारा स्टेशन पर रोक दिया गया। इस दौरान ट्रेन 40 मिनट लेट हो गई। ट्रेन में सफर कर रहे यात्री राजा वर्मा ने बताया कि वह सुबह साढ़े आठ बजे शिमला से कालका के लिए चलने वाली ट्रेन में सफर करने के लिए निकले थे, इस दौरान सनवारा स्टेशन पर उन्होंने ट्रेन ड्राइवर से ट्रेन देरी से चलने का कारण पूछा तो उसने बताया कि आगे एक बड़ा पत्थर ट्रैक पर गिर गया है, इसलिए ट्रेन को रोका गया है। उधर, कालका-शिमला के एक रेल अधिकारी ने बताया कि सनवारा से करीब दो किलोमीटर आगे पत्थर गिरने की सूचना पर ट्रैक मैन वहां पर पहुंचे और पत्थर को तोड़कर लाइन क्लीयर की, उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान करीब 40 मिनट लग गए, जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।