प्रदेश भर के कॉलेज-यूनिवर्सिटी के सैकड़ों शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
- मांगों को लेकर सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। प्रदेश भर के कॉलेजों और यूनिवर्सिटी के सैकड़ों शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में मंगलवार को सेक्टर-पांच स्थित शिक्षा सदन के पीछे धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने इस दौरान सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शित किया। हालात को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए धरनास्थल पर पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी।
शिक्षकों ने उच्चतर शिक्षा निदेशालय पहुंच कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। विभाग के महानिदेशक विजय दहिया ने मौके पर पहुंचकर शिक्षकों को उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वहां से शिक्षक लौटे। इस धरने का नेतृत्व हरियाणा गवर्नमेंट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. नरेंद्र सिवाच कर रहे थे। इस दौरान हरियाणा फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी एंड कालेज टीचर्ज आर्गनाईजेशन के सैकड़ों शिक्षकों ने सरकार और अफसरों के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया।
ये हैं मांगें
- कॉलेज और यूनिवर्सिटी शिक्षकों के लिए सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें हो लागू करना।
- पिछले वेतनमान की विसंगतियां हो दूर।
- पीएचडी/एमफिल को नेट की शर्त के बगैर अग्रिम वेतन वृद्धि।
- पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने।
- एडेड कॉलेजों के स्टाफ को मेडिकल सुविधा।
- कॉलेजों में प्रोफेसर के पद का सृजन।
- सेल्फ फाइनेंस शिक्षकों के लिए बजट।
- कॉलेज शिक्षकों को यूनिवर्सिटी शिक्षकों की तरह समयबद्ध पदोन्नति।