हुडा ने अवैध बताकर गिराया निर्माणाधीन शोरूम
- शोरूम के मालिक ने जमीन का इंतकाल उनके नाम पर होने का जताया दावा
- निर्माण न गिराने पर पैसे मांगने की शिकायत शोरूम मालिक ने पुलिस थाना पिंजौर में दी
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर। पिंजौर-नालागढ़ रोड पर हुड्डा द्वारा विकसित किए जा रहे सेक्टर-27 के समीप एक निर्माणाधीन इमारत को हुडा विभाग पंचकूला ने अवैध बताकर गिरा दिया, जबकि शोरूम के मालिक ने दावा जताया कि इस जमीन का इंतकाल उनके नाम है। इस मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार कालका कुलदीप मलिक के साथ-साथ हुडा विभाग एक्सईएन, एनके पायल, एसडीओ जेएस बेनीवाल आदि पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
शनिवार की सुबह हुडा विभाग के अधिकारी पुलिस बल के साथ पिंजौर-नालागढ़ रोड पर हुडा की ओर से विकसित किए जा रहे सेक्टर-27 के समीप पहुंचे और हाइवे के किनारे करीब पांच बिस्वा जमीन पर निर्माणाधीन शोरूम को जेसीबी से गिरा दिया। कार्रवाई के बाद हुडा विभाग के अधिकारी अपनी टीम के साथ अन्य जगह पर अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई करने पहुंचे ही थे कि हुडा की ओर से गिराई निर्माणाधीन इमारत के मालिक मंगा, एचएमटी कार्मिक संघ के पूर्व प्रधान दीवानचंद, संजीव कपिल, भाजपा युवा नेता श्यामलाल टगरा, मान सिंह सैनी समेत दर्जनों लोग जगह के कागज लेकर पहुंच गए। उन्होंने हुडा विभाग के अधिकारियों को बताया कि गिराया गया शोरूम हुडा की जमीन पर नहीं बल्कि उनकी अपनी जमीन पर है। मौके पर पहुंचे लोगों ने एसडीओ जेएस बेनीवाल को उस शोरूम वाली जगह का इंतकाल संबंधित कागज दिखाया और बताया कि यह जिसमें विगत साल 2017 के जुलाई महीने में खसरा नंबर 131 की जमीन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से इंतकाल पूणी देवी के नाम दर्ज है।
निर्माणाधीन शोरूम के मालिक और उनके साथ पहुंचे अन्य लोगों ने हुडा विभाग की ओर से निर्माण गिराने संबंधित कागज न दिखाने पर हुडा विभाग की कार्रवाई के रोष जताने लग गए तो हुडा विभाग के अधिकारी अन्य निर्माणों पर कार्रवाई करे बगैर वहां से चले गए। इस संबंध में हुड्डा विभाग के एसडीओ जेएस बैनीवाल ने बताया कि उनके पास निर्माण गिराने का आदेश है और यह निर्माण अवैध है। उन्होंने जो कागज दिखाया है वह उसके संबंध में आलाधिकारियों को बता दिया है जिसके लिए उन्होंने इस संबंध में जांच मार्क कर दी है। साथ ही उनके ऊपर निर्माण न गिराने के एवज में पैसे मांगने का जो आरोप लगाया है वह बेबुनियाद है।
पिंजौर थाने में दी शिकायत
निर्माणाधीन इमारत के मालिक मंगा राम ने पुलिस को शिकायत देते हुए कहा कि यह निर्माण गलत तरीके से गिराया है, उन्होंने एसडीओ पर आरोप लगाते हुए निर्माण न गिराने पर पैसे मांगने की शिकायत पुलिस थाना पिंजौर में दी है।