नपंचकूला हिंसा मामले में अगली सुनवाई 5 जून को
सप्लीमैंटरी चालान की कॉपी और सीडी बचाव पक्ष को नहीं मिल सकी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। हिंसा मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की राजदार हनीप्रीत समेत अन्य आरोपियों पर मंगलवार को आरोप तय नहीं हो सके। अब मामले में अगली सुनवाई 5 जून को होगी।
पंचकूला हिंसा मामले में हनीप्रीत समेत कुल 32 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 345 के तहत देशद्रोह सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले के आरोपियों को चार्जशीट की कॉपी सौंपने के बाद आरोप तय होने थे। लेकिन आठ आरोपियों के खिलाफ बाद में दाखिल सप्लीमैंटरी चालान की कॉपी और पिछली सुनवाई पर मांगी गई सीडी भी बचाव पक्ष को नहीं मिल सकी।
इस मामले की जांच के बाद एसआईटी ने चालान के साथ कोर्ट में मामले से संबंधित सीडी भी सौंपी थी। सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये ही पेश किया गया। आठ अन्य आरोपियों के सप्लीमैंटरी चालान सत्र न्यायालय में आने के बाद सभी 32 आरोपियों पर आरोप तय किए जाएंगे। 25 अगस्त, 2017 को साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी करार देने के बाद पंचकूला में भड़की हिंसा मामले में हनीप्रीत समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।