नेशनल हाइवे पर 22 दुकानों की शेड और शटर हटाए
- वाहनों के आवागमन में अब नहीं पेश आएगी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। महेशपुर में सड़क पर अतिक्रमण के दायरे में आने वाली 22 दुकानों को नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की इंफोर्समेंट विंग ने तोड़ दिया। अतिक्रमण के दायरे में आने वाली दुकानों के जेसीबी की मदद से शटर और शेड हटा दिए गए। अतिक्रमण हटाने के लिए एनएचएआई की टीम के साथ-साथ पुलिस कर्मी भी काफी संख्या में मौजूद रहे। दोपहर बाद नेशनल हाइवे की सर्विस रोड पर महेशपुर में अतिक्रमण हटाने के लिए सड़क को करीब एक घंटे के लिए बंद कर दिया गया, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एनएचएआई की ओर से वीरवार को जब कार्रवाई की जा रही थी उस वक्त दुकानों के सामान सुरक्षित रखे जा रहे थे। लेकिन लगातार हुई कार्रवाई के दौरान सभी दुकानों के शेड और शटर हटा दिए गए।
सर्विस रोड पर भी नहीं होगी वाहनों के आवागमन में परेशानी
एनएचएआई के परियोजना निदेशक जे सिंह ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई सभी नेशनल हाइवे पर चल रही है। इससे पहले ओल्ड पंचकूला में भी कार्रवाई की गई है। सर्विस रोड के साथ वाहनों की पार्किंग के कारण लोगों को काफी दिक्कतें पेश आती हैं। अतिक्रमण हटाने के बाद अब सड़कों के इर्द-गिर्द वाहनों के आवागमन में दिक्कतें पेश नहीं आएंगी।