पंचकूला हिंसा मामले में अगली सुनवाई पर तय होंगे आरोप
- वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश हुई हनीप्रीत
- सात आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
पंचकूला हिंसा मामले में दर्ज एफआईआर नंबर-345 पर अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान हनीप्रीत सहित अन्य आरोपियों को भी पेश किया गया। इस मामले में सात नए आरोपियों के नाम सप्लीमेंट्री चार्जशीट में शामिल करने के बाद हिंसा और साजिश के मामले में आरोपियों की संख्या 32 हो गई है, जिनमें से दो को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। बचाव पक्ष ने इस मामले से संबंधित सीडी की कॉपी मांगी है। इस मामले की अगली सुनवाई 15 मई को होगी।
25 अगस्त, 2017 को पंचकूला में हुई हिंसा मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की राजदार हनीप्रीत समेत 32 आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह, हिंसा, साजिश सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पहले इस मामले में 25 आरोपी थे, जिन्हें चार्जशीट की कॉपियां सौंप दी गई हैं। बचाव पक्ष के वकील सुरेश कुमार रोहिल्ला ने बताया कि इस मामले से संबंधित सीडी मुहैया करवाने का अदालत से आग्रह किया गया है। इसके बाद अगली सुनवाई पर आरोप तय करने को लेकर बहस होगी। हिंसा मामले के दो आरोपियों को पहले ही हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है, जिसमें वेदप्रकाश और राजिंद्र के नाम शामिल हैं। इस मामले में सात नए आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चालान फाइल की गई है। सुनवाई के दौरान हनीप्रीत को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश किया गया।