लिखित परीक्षा के आधार पर होगी कांस्टेबल और एसआई की भर्ती: डीजीपी
- अगले तीन माह में हरियाणा पुलिस की ओर से 600 नई गाड़ियां खरीदी जाएंगी
- प्रेसवार्ता के दौरान हरियाणा पुलिस के महानिदेशक ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
हरियाणा पुलिस में 6647 कांस्टेबल और 463 सब-इंस्पेक्टरों की भर्ती मुख्य तौर पर लिखित परीक्षा के आधार पर होगी। इसमें शारीरिक परीक्षा महज क्वालिफाई के लिए होगी। शारीरिक परीक्षा के अंक मेरिट में नहीं जोड़े जाएंगे। प्रेसवार्ता के दौरान हरियाणा पुलिस के महानिदेशक बीएस संधू ने बताया कि इन पुलिस कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस में नव चयनित 4300 कांस्टेबलों की ट्रेनिंग चल रही थी, उनकी पॉसिंग आउट परेड मई के पहले सप्ताह में होगी।
500 नए एसपीओ की होगी भर्ती:
डीजीपी ने बताया कि गुरुग्राम के लिए एक हजार एसपीओ की भर्ती हो चुकी है जबकि गुरुग्राम और फरीदाबाद की ट्रैफिक व्यवस्था में और सुधार के लिए जल्द ही 500 नए एसपीओ की भर्ती की जाएगी।
ई-चालान की शुरुआत जल्द:
डीजीपी ने बताया कि जल्द ही प्रदेश में ई-चालान की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए मशीनें खरीदने के लिए हारट्रोन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। सरकार की मंजूरी मिलते ही ई-चालान की प्रक्रिया प्रदेश भर में शुरू की जाएगी।
डायल 100 से जुड़ेंगे 600 वाहन:
संधू ने बताया कि हरियाणा पुलिस के डॉयल-100 प्रोजेक्ट के तहत अगले तीन माह में हरियाणा पुलिस की ओर से 600 नई गाड़ियां खरीदी जाएंगी, ताकि प्रत्येक पुलिस स्टेशन पर कम से कम दो गाड़ी अवश्य हो। सभी वाहनों को सेंट्रलाइज्ड पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पंचकूला के सेक्टर-तीन में भवन निर्माण किया जा रहा है।
डिजास्टर रिजर्व बटालियन का सरकार को भेजा प्रस्ताव:
डीजीपी बीएस संधू ने बताया कि हरियाणा पुलिस की ओर से डिजास्टर रिजर्व बटालियन बनाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। किसी भी आपदा की स्थिति में इन जवानों की मदद से तत्काल सहायता मुहैया की जाएगी।