तीस खिलाड़ियों को लगातार पछाड़ कर रवि ने जीता सोना
- पंचकूला के रवि ने 34वीं सब जूनियर ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक
- 22 से 25 मार्च तक पुणे के महाराष्ट्र में आयोजित हुई थी प्रतियोगिता
- पंचकूला सेक्टर-12 के गंाव रैली का रहने वाला है रवि
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
महाराष्ट्रा के पुणे में आयोजित 34वीं सब जूनियर ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप में शुक्रवार को पंचकूला के रवि घर्ती ने अंडर-32 भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल की है। ये चैंपियनशिप ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित की गई थी। रवि पंचकूला सेक्टर-12 के रैली गांव का रहने वाला है। वह पंचकूला सेक्टर-19 के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छठी कक्षा का छात्र है। ये चैंपियनशिप 22 से 25 मार्च तक आयोजित की जा रही है। इसमें अलग-अलग राज्यों के करीब एक हजार खिलाड़ियों हिस्सा ले रहे हैं। रवि ने बताया कि वह पंचकूला में ही एमराल्ड मार्शल आर्ट अकादमी के कोच शिवराज घर्ती उसे फ्री में मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग देते हैं। रवि के कोच शिवराज ने बताया कि फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र के खिलाड़ी ने मात देकर एकतरफा जीत हासिल की है। उन्होंने बताया कि लगातार तीस खिलाड़ियों को अलग-अलग बाउट में रवि ने हराया है।
एक मजदूर का बेटा है रवि
रवि की मां धरना कोठियों में झाड़ु पोछा लगाने का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि रवि के पिता का निधन पांच साल पहले डेंगू के चलते हो गया था। अब पूरे परिवार की जिम्मेदारी रवि की मां के सिर पर है। धरना ने बताया कि बड़ी मुश्किल से गुजारा हो पाता है। उन्हें अपने छोटे बेटे रवि से काफी उम्मीदें हैं। वह अच्छा खेल रहा है। उनका कहना है कि उनका बेटा खेल में बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करे। क्योंकि उनसे पहले वह भारत मां का बेटा है।
राज्य स्तर पर जीत चुका है छह गोल्ड
रवि अब तक जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में करीब बारह गोल्ड मेडल हासिल कर चुका है। वहीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करीब छह गोल्ड मेडल रवि के नाम है। अब वह पुणे से लौटने के बाद वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी में जूट जाएगा।