माता के चरणों में चढ़ाए अमेरिकन और आस्ट्रेलियाई डॉलर
- चैत्र नवरात्र के चौथे दिन 17 लाख 4 हजार 454 रुपये का चढ़ावा आया
- आज शहरी स्थानीय निकाय मंत्री माता के पूजन और यज्ञ में लेगी भाग
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
चैत्र नवरात्र के चौथे दिन श्री माता मनसा देवी और श्री काली माता मंदिर कालका में 17 लाख चार हजार 454 रुपये का चढ़ावा आया। वहीं, इन दोनों मंदिरों में कुल 37 हजार 800 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सोने के 10 और चांदी के 234 नग दान स्वरूप अर्पित किए। ये जानकारी श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक एवं उपायुक्त मुकुल कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि चौथे नवरात्र के अवसर पर श्री माता मनसा देवी मंदिर में 13 लाख 93 हजार 119 और श्री काली माता मंदिर कालका में 3 लाख 11 हजार 335 रुपये की राशि अर्पित की गई। इसी प्रकार श्री माता मनसा देवी मंदिर में सोने के 7 तथा चांदी के 187 नग दान स्वरूप अर्पित किए गए। जबकि श्री काली माता मंदिर कालका में सोने के 3 चांदी के 47 नग श्रद्धालुओं द्वारा माता के चरणों में भेंट किए गए। उन्होंने बताया कि श्री माता मनसा देवी मंदिर में 21 हजार 300 तथा काली माता मंदिर में 16 हजार 500 रुपये श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। श्रद्धालुओं द्वारा माता के चरणों में यूएसए के 28 डॉलर व ऑस्ट्रेलिया के 10 डॉलर भी दान स्वरूप अर्पित किए गए। उन्होंने बताया कि हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन कल 22 मार्च को पांचवें नवरात्रे के अवसर पर सुबह नौ बजे श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड द्वारा आयोजित पूजन एवं यज्ञ में भाग लेंगे और माता के दर्शन करेंगे।
वहीं अब तक श्री माता मनसा देवी और श्री काली माता मंदिर कालका में 69 लाख 72 हजार 791 रुपये की राशि दान स्वरूप अर्पित की गई और दो लाख 98 हजार 460 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए हैं। इसके अलावा चौथे नवरात्र तक श्री माता मनसा देवी व श्री काली माता मंदिर में सोने के 40 तथा चांदी के 512 नग चढ़ावे के रूप में आया है।