छत पर बैठकर धूप सेंक रहा परिवार लेंटर गिरने से गली में गिरा
- दो दिन पहले मकान के आगे कराई थी खुदाई, दीवार धंसने से गिरा लेंटर
- लेंटर के नीचे दबा ढाई साल का बच्चा रोने की आवाज सुनकर सुरक्षित निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
मोरनी।
बुधवार सुबह मोरनी के मांधना गांव में उस समय बड़ा होने से हादसा टल गया, जब मकान बनाने के लिए की गई खुदाई के बाद साथ लगते मकान की दीवार धंस गई और लेंटर गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ और परिवार के सदस्यों को सिर्फ मामूली चोटें ही आई। मांधना गांव के चौधरी के बास में जसवंत पुत्र भाग्गू राम ने अपने ही मकान के अगले हिस्से में दो दिन पहले जेसीबी मशीन से खुदाई करवाई थी कि अचानक बुधवार सुबह उसके मकान की मुख्य दीवार धंस गई और मकान का लेंटर गली में गिर गया। उसने बताया कि उस समय परिवार के सभी सदस्य घर की छत पर धूप में बैठे थे, दीवार के धंसने व लेंटर गिरने पर उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और वह सभी गली में जा गिरे। उन्होंने बताया कि उनका ढ़ाई साल का बच्चा भी लेंटर के नीचे दब गया था और उसके रोने की आवाज सुनकर उसे तुरंत बाहर निकाल लिया था। जिसके बाद उन्हें तुरंत पंचकूला सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां सभी सुरक्षित है।