स्ट्रीट वेंडर लाइसेंस के लिए 24 तक कर सकेंगे आवेदन
- निगम ने बढ़ाई तारीख, अब तक मिल चुके हैं 2000 से अधिक आवेदन
- 19 से 24 तक उन्हें मिलेगा मौका जो अब तक सर्वे के लिए नहीं कर सके हैं आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
स्ट्रीट वेंडर्स के सर्वे के लिए आवेदन करने की तारीख नगर निगम ने बढ़ा दी है। शहर के सेक्टरों में इधर-उधर लगने वाली रेहड़ी-फड़ी को नियम के दायरे में लाने के लिए नगर निगम की ओर से स्ट्रीट वेंडर पॉलिसी को लागू किया जाएगा। अब रेहड़ी फड़ी के लिए आवेदन देने के लिए 19 से 24 फरवरी का मौका दिया गया।
निगम की ओर से पिछले शनिवार तक सर्वे के लिए आवेदन मांगे गए थे। अब तक निगम को 2000 से अधिक आवेदन मिल चुके हैं, जिनके सर्वें भी किए जा चुके हैं। लेकिन सर्वे से बचे रह गए रेहड़ी-फड़ी संचालकों की मांग और जरूरतों को देखते हुए नगर निगम ने एक बार फिर आवेदन की तारीख बढ़ा दी है। निगम के ईओ ओपी सिहाग ने बताया कि नगर निगम की ओर से 19 से 24 फरवरी के दौरान उन लोगों को मौका दिया जाएगा, जिन्होंने अब तक सर्वे के लिए आवेदन नहीं किए हैं। पिछली तारीख पर भी आवेदकों की संख्या अधिक होने की वजह से काफी संख्या में रेहड़ी फड़ी संचालक आवेदन नहीं कर सके थे, जिस वजह से उन्हें एक और मौका दिया जा रहा है। इसके बाद आवेदन करने वाले किसी व्यक्ति का पंजीकरण वेंडर पॉलिसी के लिए नहीं किया जाएगा।
ईओ का कहना है कि नई पॉलिसी के लागू होने से शहर में रेहड़ी-फड़ी के लिए एक अलग प्रावधान कर नियमों के तहत इन्हें संचालित किया जा सकेगा। इसके लिए पंचकूला का चयन पायलट आधार पर किया हैै। आवेदन के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, फिंगर प्रिंट के अलावा मोबाइल नंबर भी लिया जाएगा।