शोभायात्रा में शिव तांडव, भक्त भी झूमे
- महाशिवरात्री की पूर्व संध्या पर सेक्टर 12ए के हरिहर मंदिर से हुआ आगाज, झांकियां देखने उमड़े लोग
- सेक्टर 8 की झांकी पहले, सेक्टर 8 व 11 की द्वितीय और सेक्टर चार की झांकी तृतीय स्थान पर रही
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
महाशिवरात्रि पर्व की पूर्व संध्या पर रविवार को शहर के सेक्टर 12ए के हरिहर मंदिर से शोभा यात्रा निकली। इस मौके पर नगर संकीर्तन काभी आयोजन हुआ। शोभा यात्रा हरिहर मंदिर से प्रारंभ होकर पंचकूला के सेक्टर 15, 16, 17 और 18 से होती हुई सेक्टर आठ के प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई।
शोभा यात्रा श्री सनातन धर्म केंद्रीय परिषद पंचकूला की ओर से निकाली गई थी। इसमें पंचकूला के सभी मंदिरों की झांकियों शामिल हुईं। इस यात्रा में झांकी के साथ करीब चार सौ शिव भक्त चल रहे थे। शोभा यात्रा में शामिल झांकियां भगवान शिव की लीलाओं पर आधारित थीं। सभी सेक्टरों में शोभा यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। इस बीच भगवान शिव की आरती उतारी गई और प्रसाद वितरित किया गया। इन झांकियों में सेक्टर 8 की झांकी पहले, सेक्टर 8 व 11 की संयुक्त रूप से द्वितीय व सेक्टर चार की झांकी तृतीय स्थान पर रही। इस मौके पर परिषद से जुड़े मनोहर लाल, आरसी गुप्ता महासचिव, ओपी गुप्ता वित्त सचिव, आरबी पहुजा संयोजक और विभिन्न मंदिरों के प्रधान उपस्थित रहे।