एचएमटी कर्मचारियों ने नई कंपनी में नौकरी में वरीयता देने की मांग की
पिंजौर। एचएमटी कार्मिक संघ के पूर्व प्रधान दीवान चंद के नेतृत्व में कर्मचारी विधायक लतिका शर्मा से मिले और उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया। पूर्व प्रधान दीवान चंद के नेतृत्व तकरीबन 150 कर्मचारियों ने विधायक को बताया कि कंपनी ने उनके खाते में कंपनी क्लोजर की क्षतिपूर्ति राशि डाल दी है। इसके अलावा कंपनी ने पत्र लिखकर उन्हें कहा कि वे इस दिशा में अपनी क्लीयरेंटस प्राथमिकता के आधार पर करवाएं। दीवान चंद और कर्मचारियों ने विधायक से मांग की कि भविष्य में जो भी नई कंपनी यहां पर आएगी तो प्राथमिकता के आधार पर उन्हें यहां नौकरी में वरीयता दी जाए। विधायक ने कर्मचारियों को कहा कि वे अपना मांग पत्र लिखित में सौंपें ताकि उनकी मांग सरकार तक पहुंचाई जा सकें। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनके हकों के लिए वे हमेशा उनके साथ हैं और उनकी मांगों को पूरा करने के लिए हर संभव कोशिश करेंगी।