पांच को जींद में रैली, जिले से रवाना होंगे 1000 टू-व्हीलर
- सीएम, मंत्री और हजारों कार्यकर्ता भी पहुंचेंगे टू-व्हीलर से
- 50-50 बाइक सवारों की टोलियों के साथ होगा एक मैकेनिक और एंबुलेंस
- हेलमेट पहनने, स्वच्छता और सड़क सुरक्षा नियमों की पालना को लेकर लिया जा रहा शपथ पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
प्रदेश के जींद जिले में 15 फरवरी को होने वाली रैली में पंचकूला से 1000 टू-व्हीलर पर सवार होकर युवा रैली में शामिल होंगे। इनमें 10 फीसदी महिलाएं शामिल होंगी, जिसके लिए तैयारियां जोरों पर है। विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता ने शनिवार को सेक्टर-छह स्थित हुडा फील्ड हॉस्टल में संवाददाताओं को इसकी जानकारी दी।
पंचकूला विधायक ने बताया कि जींद में होने वाली रैली अभूतपूर्व और ऐतिहासिक होगी। इस रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शामिल होंगे। रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, कार्यकर्ताओं सहित अन्य लोग भी रैली भी टू-व्हीलर पर होंगे। इस रैली के सफल आयोजन के लिए जिला स्तर, खंड स्तर तथा गांव स्तर पर बैठकें आयोजित कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां की गई हैं। जिले के हर बूथ से पांच बाइकों पर सवार होकर पार्टी कार्यकर्ता पहुंचेंगे। जींद पहुंचने से पहले 14 फरवरी को कुरुक्षेत्र में पंचकूला से यह मोटरसाइकिल रैली पहुंचेगी।
सात फरवरी तक रैली में जाने के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया भी चल रही है, जिनका मोबाइल नंबर भी लिया जा रहा है। पंजीकरण के दौरान शपथ पत्र भी भरवाया जा रहा है कि हेलमेट पहन कर ही ड्राइविंग करेंगे, इस दौरान स्वच्छता और सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करेंगे। रैली स्थल पर भी इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मौके पर जिला भाजपा महामंत्री हरेंद्र मलिक और रैली के जिला संयोजक युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं रैली के सह संयोजक योगेंद्र शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी विकास पॉल, स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी के प्रधान डीपी सोनी मौजूद रहे।
बाइक खराब होने पर दुरुस्त करने वाले मैकेनिक भी होंगे साथ
विधायक ने बताया कि मोटरसाइकल रैली में 50-50 की टोलियां होंगी। इनके साथ मैकेनिक भी होंगे ताकि किसी तरह की तकनीकी खराबी होने पर वाहनों को दुरुस्त करेंगे। रैली में देशभक्ति के गीतों की प्रस्तुति के अलावा एंबुलेंस की भी व्यवस्था होगी। यह रैली प्रदेश में नई जागरुकता लाने के साथ-साथ युवाओं में जोश भी भरेगी। 185 बूथ केंद्रों पर 11 फरवरी को बीएलओ और अन्य बूथ प्रभारियों से भी बैठक की जा रही है ताकि अधिक से अधिक लोग इस रैली में शामिल हो सकें।