कोर्ट के आर्डर को लागू करवाने को प्रशासन ने नहीं की कार्रवाई, सरपंचों में रोष
अमर उजाला ब्यूरो।
पिंजौर।
पिंजौर ब्लॉक के सरपंचों की एक बैठक हरदेव सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पंचकूला प्रशासन की ओर से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले पर कार्रवाई न करने पर रोष व्यक्त किया। सरपंच हरदेव सिंह ने बताया कि विगत माह की 27 तारीख को जिला पंचकूला के सरपंचों की ओर से पंजाब एवं हरियाणा हाइकोर्ट के एक फैसले की कापी और ज्ञापन डीसी पंचकूला को सौंपा गया था जिसमें मांग की गई थी कि पंचायती राज पंचकूला की ओर से कोर्ट के फैसला देने पर कार्रवाई की जाए परंतु कोर्ट के आदेशों के बावजूद पंचायती राज पंचकूला और डीसी पंचकूला के द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। जबकि डीसी जिला सिरसा द्वारा कोर्ट के इस आर्डर को अपने जिला सिरसा के सभी ब्लॉक में लागू कर दिया गया है। अध्यक्ष ने बताया कि पिछले माह डीसी पंचकूला को ज्ञापन सौंपने के बावजूद भी प्रशासन की ओर से कार्रवाई न होने के चलते सरपंचों में भारी रोष है। अध्यक्ष ने बताया कि वे जिला पंचकूला और पिंजौर ब्लॉक के सरपंचों के साथ सलाह करने के बाद डीसी पंचकूला और विधायक हलका कालका से कोर्ट के आदेशों की पालना करवाने से संबंधित मांग की जाएगी। सरपंच ने बताया कि अगर कोर्ट के आदेशों की पालना करने में प्रशासन असफल रहता है तो वे प्रशासन के खिलाफ कोर्ट का दरबाजा खटखटाएंगे। इस अवसर पर सरपंच प्रेमचंद भुवाना, जीतराम कंडियाला, राम चंद्र बाढ़, जसबीर चिकन, बृजभूषण जनौली, राम चंद्र पपलोहा, जसविंद्र करनपुर के साथ-साथ अन्य गांव के सरपंच भी मौजूद रहे।