कांग्रेस की रैली में कार्यकर्ता की कटी जेब
-चंडीगढ़ कांग्रेस कार्यालय से दिल्ली शक्ति स्थल तक हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में निकाली गई रैली
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के जन्म शताब्दी के मौके पर रविवार को बाइक और कार रैली निकाली। चंडीगढ़ के कांग्रेस कार्यालय से दिल्ली के शक्ति स्थल के लिए हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में रैली रवाना हुई। इस दौरान जेब कतरे ने एक कार्यकर्ता की जेब साफ कर दी। रैली में शामिल होने के लिए जैसे ही सुबह दस बजे पंचकूला सेक्टर-16 के लेबर चौक पर जैसे ही अशोक तंवर पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान एक जेब कतरे ने चंडीगढ़ के रायपुरखुर्द निवासी साहिब सिंह की जेब से पर्स उड़ा दिया। साहिब सिंह ने बताया कि जेब कटने की उन्हें आभास हुआ, लेकिन पता नहीं चल पाया कि उनकी पर्स किसने उड़ाई है। साहिब सिंह के पर्स में एटीएम कार्ड, लाइसेंस, आधार कार्ड और करीब दो हजार रुपये थे। साहिब सिंह ने बताया कि पर्स चोरी होने के बाद उन्होंने तुरंत अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक करवाया और मामले की शिकायत पंचकूला सेक्टर-16 के पुलिस स्टेशन में दी।