प्रदेश के सीएम ने कई विभागों को कार्य हस्तांतरित करने की घोषणाएं की
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
सेक्टर पांच स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में हरियाणा के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2022 तक ‘संकल्प से सिद्धि नवभारत निर्माण’ के विजन को साकार करने के लिए कई विभागों के कार्य हस्तांतरित करने की घोषणाएं की। इसके लिए आरंभ में दोनों पीआरआई को 1.75-1.75 करोड़ रुपये का फंड हस्तांतरित किया जाएगा। ऐसा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य होगा। मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं बुधवार को जिला परिषद पंचकूला के तत्वाधान में पंचायती राज संस्थानों के संकल्प से सिद्धि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में की। इन में ब्लॉक समितियों को वन विभाग का पौधरोपण तथा खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग का योग एवं व्यायामशालाओं के निर्माण, जिला परिषदों को आगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण व संचालन, शिक्षा विभाग का मिड-डे-मील व विद्यालय सौंदर्यीकरण योजना, परिवहन विभाग का बस क्यू शेल्टरों के निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इस मौके पर परिवहन, आरआर जोवल, स्वास्थ्य सचिव अमित झा, प्रमुख सचिव विकास और पंचायत अनुराग रस्तोगी अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।