तेज रफ्तार कैंटर पलटा, नीचे दबकर युवक की मौत
पिंजौर।
पिंजौर-नालागढ़ रोड पर गांव कौना के पास तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित हो कर पलट गया। कैंटर पलटने से वहां से पैदल जा रहे रहे एक युवक नीचे दबने से मौत हो गई। युवक की पहचान गुरभाग सिंह (18) निवासी गांव कौना के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता रणजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि रविवार को सुबह वह बाइक पर गांव मढ़ावाला की ओर जा रहा था। इतने में उसके पीछे तेज रफ्तार कैंटर चालक ने बिना हॉर्न दिए उसे ओवरटेक किया। गति पर नियंत्रण न पाने के कारण कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसके नीचे वहां से गुजर रहा एक युवक दब गया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। किसी तरह कैंटर को सीधा कर कैंटर के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला। शिकायतकर्ता ने बताया कि युवक को देखने पर पता चला कि कैंटर के नीचे दबने वाला युवक गुरभाग सिंह उसका चचेरा भाई है। घायल अवस्था में गुरभाग को पंचकूला के सेक्टर 6 के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान कैंटर चालक मौके का फायदा उठाकर घटना स्थल से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कैंटर चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304ए के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।