अल्ट्रासाउंड मशीन लगवाने के लिए मंत्री से मिलीं विधायक
अमर उजाला ब्यूरो
कालका।
विधायक लतिका शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से कालका पीएचसी में और अधिक चिकित्सा सुविधाओं को लेकर मुलाकात की और पीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था कराने का आग्रह किया, ताकि लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए दूर नहीं जाना पड़े। विधायक को कालका निवासियों ने अवगत कराया कि यहां अल्ट्रासाउंड की मशीन की व्यवस्था न होने पर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए पंचकूला जाना पड़ता है। उन्होंने अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था कर लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री से चंडीगढ़ में उनके कार्यालय में मुलाकात की। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने लतिका शर्मा द्वारा कालका अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था करने का भरोसा दिया। मौके पर ही पंचकूला के सिविल सर्जन से इस बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने अस्पताल में दी जाने वाली सुविधाओं की डिटेल भी मांगी। लतिका शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि पंचकूला के मोरनी व पिंजौर के पर्वतीय क्षेत्रों के दूर दराज स्थानों में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मोटरसाइकिल एंबुलेंस आरोग्य सेवा शुरू की गई है। पंचकूला जिला उत्तरी भारत का पहला जिला है, जहां यह मुख्य सेवा शुरू की गई है।