बराबरी पर छूटे दोनों कुश्ती के मुकाबले
पुरानी गुग्गा माड़ी पर विशाल कुश्ती दंगल व जागरण का हुआ आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
कालका।
टगरा कली राम स्थित (स्वर्गीय रोशन लाल बाबा) की पुरानी गुग्गा माड़ी में गुग्गा नवमी के अवसर पर विशाल मेला व कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस दौरान माड़ी को रंग-बिरंगी लाइटों व फूलों से सजाया गया, जिसकी सुंदरता देखते ही बन रही थी। वहीं माड़ी के बाहर विभिन्न प्रकार की वस्तुओं तथा खाने के स्टाल लगे थे, जिसका बच्चों ने लुत्फ उठाया। आसपास से हजारों की संख्या में भक्त माड़ी पर शीश नवाने पहुंचे और सुख-समृद्धि की कामना की। गुग्गा माड़ी पर विशाल भंडारा लगाया गया। वहीं दोपहर करीब दो बजे विशाल कुश्ती, दंगल का आयोजन किया गया जिसमें हरियाणा, पंजाब व हिमाचल से नामी पहलवानों ने भाग लिया। भक्त सोमनाथ ने बताया कि बड़ी कुश्ती (51,000) विकास खन्ना व सन्नी दिल्ली के बीच हुई, जिसमें दोनो पहलवानों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी। यह मुकाबला टाई रहा। वहीं 31 हजार की कुश्ती प्रवेश खन्ना व कार्तिक हरियाणा के बीच हुई। यह मुकाबला भी बराबरी पर छूटा। इसके अतिरिक्त अन्य छोटी कुश्तियां भी कराई गईं। उधर, रात को माड़ी पर जागरण का आयोजन किया गया। जिसमें कांग्रेस महासचिव मनवीर कौर गिल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और माड़ी पर शीश नवाया। मुख्य अतिथि ने सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले लोगों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। लालड़ू से आए समईयों ने बाबा के भजनों का गुणगान किया। इस मौके पर राजकुमार, पुष्पिंद्र गोल्डी, सचिन सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।