सामान्य अस्पताल में वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा जल्द
अब मरीजों की देखभाल में पूरा वक्त दे सकेंगे डॉक्टर, अदालती मामले में नहीं लगाना होगा चक्कर
हर दिन किसी न किसी मामले में डॉक्टरों को जाना पड़ता है अदालती कार्रवाई के सिलसिले में
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
जिले के डॉक्टर मरीजों की जांच में पूरा वक्त दे सकेंगे। क्योंकि उन्हें अब कोर्ट केस में गवाही देने के लिए अदालत नहीं जाना पड़ेगा। जनरल अस्पताल, सिविल सर्जन कार्यालय, सीएचसी व पीएचसी के डॉक्टर वीडियों कांफ्रेंसिंग के जरिये न केवल कोर्ट में गवाही दे सकेंगे। बल्कि अपना पक्ष रखते हुए वेब कैम के जरिये रिपोर्ट सहित अन्य कागजात भी दिखा सकेंगे। इसके लिए टीम ने शुक्रवार को पंचकूला के जनरल अस्पताल में वीडियो कांफ्रेंसिंग हॉल में इंटरनेट की कनेक्टिविटी कर दी।
समय की होगी बचत
सिविल अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टरों को लड़ाई-झगड़ों में जख्मी मरीजों का इलाज करने के साथ-साथ एमएलआर तैयार करने का काम भी दिया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस पक्ष और विपक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई करने की स्थिति में आती है। जिस कारण डॉक्टरों को ऐसे केसों में अदालतों में गवाही के लिए भी बुलाया जाता है। आम तौर पर डॉक्टरों को कई तरह की गवाही के लिए चंडीगढ़ सहित हरियाणा के अलग अलग जिलों की दूसरी अदालतों में पहुंचने के लिए घंटों का सफर तय कर पहुंचना पड़ता है। जिसके बाद अदालतों में भी डॉक्टरों का समय लगता है। इस कारण डॉक्टरों की गैर हाजिरी में मरीजों को समस्या उठानी पड़ती है। अब मरीजों और डॉक्टर दोनों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरि अब डॉक्टर पंचकूला के जनरल अस्पताल के कांफ्रेंसिंग हाल से गवाही दे सकेंगे। इसके अलावा मरीजों का काफी सहूलियत मिलेगी। मरीजों को ये नहीं सुनना पड़ेगा की डॉक्टर कोर्ट केस के लिए बाहर गए हैं।
वीना सिंह, पीएमओ, सामान्य अस्पताल पंचकूला