बतौड़ में वन महोत्सव के अवसर पर लगाए पौधे
बरवाला। खंड बरवाला के गांव बतौड़ के राजकीय उच्च विद्यालय में शनिवार को वन महोत्सव कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रांगण में इसी वर्ष जन्मी नन्नी बेटी रूही के हाथ से पौधा लगवाकर पौधरोपण की शुरुआत की गई। इस अवसर पर सरपंच लक्ष्मण बतौड़ ने कहा कि पौधों का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। सभी ने स्कूल प्रांगण में फलदार व छायादार पौधे लगाए। वन महोत्सव पर स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रम पेश किए और बच्चों ने पेड़-पौधों की महत्ता पर विचार रखे। इस मौके पर स्कूल प्रिंसीपल मीनाक्षी, अध्यापिका मुक्ता आहुजा, पंचायत सदस्य प्रेम चंद सहित गांव के गणमान्य लोग, स्कूल के बच्चे व उनके अभिभावक मौजूद थे।