पिंजौर-कालका अर्बन कांप्लेक्स सेक्टर-3 और 4 में प्लॉट, फ्लैट व अपार्टमेंट देने के नाम पर ट्राइसिटी के करीब चार सौ लोगों के साथ डेढ़ सौ करोड़ की ठगी हुई है। बुधवार को सीएम विंडो पर सभी ने शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित लोगों का आरोप है कि चंडीगढ़ की एक प्राइवेट कंस्ट्रक्शन कंपनी ने प्लॉट फ्लैट व अपार्टमेंट बुकिंग के नाम पर 2010 में उनसे एडवांस रुपये लिए और 2011 में एग्रीमेंट हुआ। इस प्रोजेक्ट को मात्र 24 माह में पूरा करने का दावा किया गया। लेकिन सात साल बाद भी लोगों को न तो प्लॉट मिला और न ही फ्लैट। यह पूरा एरिया करीब दो सौ एकड़ में है, जहां लोगों को प्रापर्टी मिलनी थी।
जिन लोगों ने 2010 में बुकिंग कराई थी। उन्होंने कई बार पिंजौर एक्सटेंशन में प्रॉपर्टी की प्रोग्रेस रिपोर्ट जाननी चाहिए। शुरू में कंपनी ने झांसे में लेने के लिए अच्छा रिस्पांस दिया। लेकिन 2014 के बाद कंपनी ने लोगों से बातचीत भी बंद कर दी। आरोप है कि कंपनी उनके रुपये हड़पकर भागना चाहती है। बुधवार को इसी के विरोध में उपभोक्ताओं ने पंचकूला के डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। एसोसिएशन ने बुधवार को सीएम विंडो और पंचकूला डीसी को कंपनी के खिलाफ शिकायत दी है।