2 से 4 जुलाई तक पोलियोरोधी अभियान
प्रशासन ने रखा 74 हजार बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
एडीसी राजेश जोगपाल ने लोगों से अपील की है कि नौनिहालों को पोलियो सरीखी बीमारी चपेट से बचाने के लिए अभिभावक पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की दवा हर हाल में पिलाएं। अगले सप्ताह 2 से 4 जुलाई तक जिले में उपराष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस का आयोजन किया जाएगा, जिस दौरान पांच वर्ष की आयु के बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। जिले में करीब 74 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अतिरिक्त उपायुक्त राजेश जोगपाल मंगलवार को जिला सचिवालय के सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक को संबोधित कर रहे थे। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 43 हजार व शहरी क्षेत्रों के करीब 31 हजार बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस दिशा में किए गए प्रबंधों की समीक्षा करते हुए एडीसी ने बताया कि जिले में 451 बूथों की स्थापना करने के साथ-साथ 22 मोबाइल टीमें तथा 38 ट्रांजिट टीमें गठित की गई हैं। एडीसी ने एएनएम आशा वर्कर व आंगनबाड़ी वर्करों को निर्देश दिए कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी विभागों को भी इस कार्य में सहयोग करने की अपील की।