नहीं बना पुल, फिर पड़ेगा 15 किमी का फेर
10 गांवों के लोगों को बरसात में होगी मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला।
टोडा गांव व बरवाला के बीच रास्ते में पड़ने वाली टांगरी नदी पर अभी बरसात के दिनों में ग्रामीणों को पुल की सुविधा नहीं मिल पाएगी। क्योंकि नदी पर पुल का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। 150 मीटर लंबे व करीब 11 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे पुल का कार्य अधूरा है। निर्माण पूरा न होने से टोडा सहित करीब 10 गांवों के लोगों को बरसात में बरवाला आने में काफी असुविधा होगी। इस बार भी बरसात में वाया मौली राष्ट्रीय राजमार्ग-73 पर लगे टांगरी नदी पुल से करीब 15 किलोमीटर की दूरी अलग से तय कर बरवाला पहुंचना पड़ेगा। इस पुल का निर्माण पूरा न होने के बारे में जब विभाग के ठेकेदार हरबंस से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुल के कुओं को जोड़ने वाली जो लेयर बनाई जानी थी उसकी ड्राइंग विभाग की ओर से उन्हें देरी से मिली है। इसी कारण पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका। पुल का लगभग 65 प्रतिशत कार्य हो चुका है। इसके साथ-साथ गांव टोडा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से फिरनी वाले रास्ते से बरवाला वाया रायवाली-अंबाला मार्ग तक 24 फुट बरम और 18 फुट चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क के लिए मिट्टी डालने का काम भी किया जा रहा है।