बरवाला में रोज लग रहे 8 से 10 घंटे के बिजली कट
बरवाला। पंचकूला में लोगों को 24 घंटे बिजली देने के दावों की बिजली कर्मचारी धज्जियां उड़ा रहे हैं। भीषण गर्मी में लोगों व दुकानदारों को इस गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। कस्बावासी विशाल, टीनू, संजय, राजू, महिंद्र पाल ने बताया कि बरवाला स्थित बिजली कार्यालय के कर्मचारियों की कार्यशैली इतनी खराब हो रही है कि वो बिल्कुल भी कार्य करने को तैयार नहीं हैं। इतना ही नहीं बिना परमिट लिए ही कई-कई घंटे बिजली बंद कर दी जाती है और अब तो करीब एक सप्ताह से 8 से 10 घंटे के बिजली कट लगाए जा रहे हैं। इस कारण लोगों की दिनचर्या व पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। बिजली व्यवसाय से जुड़े दुकानदारों का धंधा चौपट हो गया है। लोगों ने बताया कि बिजली कर्मचारियों की वजह से सरकार की छवि खराब हो रही है। जब बिजली सप्लाई बंद करने के बारे में बिजली कार्यालय बरवाला में फोन किया जाता है तो वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं देते।