कानून के दायरे में रहकर अपनी बात रखें : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
उपायुक्त गौरी पराशर जोशी ने पुलिस उपायुक्त के साथ वीरवार को हुई संयुक्त बैठक में जिले में 16 जून के प्रस्तावित किसान आंदोलन पर जिले के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सूचना मिली है कि किसान संगठन शुक्रवार को पंचकूला में एकत्रित होंगे। उपायुक्त ने बैठक में जिला के अधिकारियों को कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात को रखने का सबकों अधिकार है, लेकिन इस बात पर भी गौर किया जाना चाहिए कि इससे आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो साथ ही आंदोलन में शामिल होने वाले किसान व अन्य कानूनी दायरे में रहकर ही अपनी बात रखें। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे इस बात को सुनिश्चित करें कि जिला में ट्रैफिक व्यवस्था हर लिहाज से सुचारू रहे। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में किसी को कोई परेशानी होती है तो वह जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम के नंबर 2561262, 2566262 पर सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक और पुलिस विभाग के कंट्रोल रूम पर किसी पर समय सूचना दे सकता है। इस मौके पर पुलिस उपायुक्त अशोक कुमार, डीएफओ मोरनी पवन शर्मा, रोडवेज के टीएम अरविंद शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।